(जिला स्पेशल न्यूज़)
Desk News 31 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को निवाई में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन कर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए 370 करोड़ रुपए की लागत वाले 64 विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को खुशहाल बनाने, गरीबों के उत्थान और युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर गिरदावर सर्कल पर ग्राम उत्थान शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ घर के पास मिल सके। अब तक 941 शिविरों के माध्यम से लाखों लोग लाभान्वित हुए हैं। भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आए बदलावों की चर्चा करते हुए कहा कि ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने के लिए वीबीजी राम कानून के तहत 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है।

उन्होंने युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का भरोसा देते हुए कहा कि सरकार एक लाख सरकारी पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है और आगामी भर्तियों का कैलेंडर भी जारी किया गया है। किसानों के हित में उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 तक दिन में बिजली देने का लक्ष्य है और किसान सम्मान निधि को बढ़ाकर 9 हजार रुपए किया गया है। कार्यक्रम में कन्हैया लाल, हीरालाल नागर, रामसहाय वर्मा और राजेंद्र गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



