Desk News 1 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिले के विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को निवाई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की घोषणा की।
विधायक राजेंद्र गुर्जर की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने डिजिटल माध्यम से जिले के बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण संपन्न किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टोंक जिले की प्रगति को प्राथमिकता देते हुए दूनी और उनियारा नगर पालिकाओं में मल अपशिष्ट शोधन संयंत्रों के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी, जिसमें अकेले दूनी के प्रोजेक्ट पर 8.18 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही आंवा में 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाली नवीन नर्सरी का शिलान्यास कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुए रूपवास, श्योरजपुरा, पोल्याडा, जूनिया और रामसागर में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण की शुरुआत की गई है।
वहीं ऊर्जा और सुरक्षा के क्षेत्र में जिले को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 6.70 करोड़ रुपए की लागत से तैयार कोटड़ी मोड़ और पायगा के 33/11 केवी सब ग्रिड स्टेशनों सहित पलाई में 35 लाख रुपए की लागत से बने नए पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया गया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी टोंक जिले की बेटियों को राहत देते हुए राजकीय कन्या महाविद्यालय नगरफोर्ट का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया गया। यह जानकारी विधायक कार्यालय ने दी है।



