आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
Deoli News 21 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रीय राजमार्ग कोटा पर बासनी गणेशजी मंदिर के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोपेड सवार उमर गांव के पूर्व सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पूर्व सरपंच बाबू मोहन मीणा (करीब 55 वर्ष)पुत्र गंगाराम मीणा निवासी उमर अपनी मोपेड पर सवार होकर देवली की दिशा में आ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार काली स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि पूर्व सरपंच ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। खास बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो की फ्रंट नंबर प्लेट पर ‘विधायक’ लिखा हुआ है, जिसे देख स्थानीय लोग और अधिक परिजन आक्रोशित हो गए। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और मृतक के शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जिससे राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना पर एम्बुलेंस और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा, लेकिन प्रदर्शनकारी उचित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बताया जा रहा है कि मृतक बाबू मोहन के पिता भी पूर्व में विधायक रह चुके हैं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है, वहीं विधायक लिखी गाड़ी की मौजूदगी ने मामले को संवेदनशील बना दिया है।




