“कोटा से धुआँ कलां के लिए रवाना हुआ जत्था”
Deoli News 28 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भक्ति और श्रद्धा के अनूठे संगम के साथ इस वर्ष भी कोटा के बड़ा नयागांव आगमगढ गुरुद्वारा से रवाना हुई नगर कीर्तन यात्रा का देवली में स्वागत किया गया।
बाबा लक्खा सिंह के नेतृत्व में निकली यह यात्रा जैसे ही देवली के पेट्रोल पंप चौराहे पर पहुंची, वहां मौजूद श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा की साध-संगत और गुरु नाम लेवा श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ जत्थे का अभिनंदन किया। दर्जनों वाहनों में सवार होकर आए यात्रियों का शहर के प्रमुख मार्गों पर स्थानीय लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे वातावरण ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। नगर कीर्तन के देवली पहुंचने पर श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में विशेष प्रबंध किए गए, जहां यात्रियों और साध-संगत को प्रेमपूर्वक अल्पाहार व चाय-नाश्ते की सेवा दी गई। अल्पाहार के बाद यह नगर कीर्तन यात्रा अपने गंतव्य धुआँ कलां गुरुद्वारे के लिए रवाना हो गई।
उल्लेखनीय है कि यह यात्रा प्रतिवर्ष कोटा से चलकर धुआँ कलां पहुंचती है, जहाँ रात्रि विश्राम के साथ विशेष दीवान सजाया जाता है। धुआँ कलां गुरुद्वारे में शनिवार रात भव्य दीवान सजेगा और रविवार सुबह भी विशेष धार्मिक सभा का आयोजन होगा। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेककर गुरु का आशीर्वाद लेंगे।



