-
भीलवाड़ा डिपो की सेमी डीलक्स होगी यात्रा बस
-
श्रद्धालुओं को 7 अप्रैल से मिलेगी सीधी सुविधा
@आशीष बागड़ी
Deoli News 6 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के भीलवाड़ा डिपो ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं और यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है। अब देवली से गोवर्धनजी और मथुरा के लिए वाया देवली सीधी रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस नई सेवा के शुरू होने से ब्रजभूमि की यात्रा करने वाले देवली और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी सहूलियत होगी।
जिन्हें अब तक लंबी दूरी तय करने के लिए बसों के बदलाव की परेशानी झेलनी पड़ती थी। देवली रोडवेज बुकिंग प्रभारी राकेश शर्मा ने इस नई सेवा के बारे में बताया कि यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए इस मार्ग पर सेमी डीलक्स 2/2 पुश बैक सीट वाली बस का संचालन किया जाएगा। यह बस प्रतिदिन सुबह 6:45 बजे भीलवाड़ा से अपनी यात्रा शुरू करेगी और सुबह 9:30 बजे देवली बस स्टैंड पहुंचेगी।
देवली से रवाना होने के बाद यह बस टोंक, लालसोट, दौसा, सिकंदरा, बालाजी मोड़, नगर और डीग जैसे महत्वपूर्ण केंद्रों से होते हुए शाम 6:15 बजे गोवर्धन जी पहुंचेगी। अपनी यात्रा के अंतिम पड़ाव के रूप में यह बस शाम 6:45 बजे मथुरा पहुंचेगी। प्रभारी शर्मा ने बताया कि यही बस अगले दिन इसी मार्ग से सुबह 5:45 बजे मथुरा से रवाना होगी और दोपहर 2:30 बजे वापस देवली पहुंचेगी। पहली बार मंगलवार सुबह 9:30 बजे जब यह बस देवली पहुंचेगी, तब स्थानीय स्तर पर बस के चालक और परिचालक का स्वागत किया जाएगा।



