डॉक्टर और कर्मचारी अपनी निर्धारित यूनिफॉर्म में आएंगे नजर
Deoli News 8 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय चिकित्सालय की कार्यप्रणाली और अनुशासन को बेहतर बनाने की दिशा में नवनियुक्त प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविराज सिंह ने एक बड़ा कदम उठाया है। पदभार संभालते ही उन्होंने एक कार्यालय आदेश जारी कर अस्पताल के सभी चिकित्सकों और चिकित्साकर्मियों के लिए राज्य सरकार द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म और एप्रन पहनना अनिवार्य कर दिया है।
आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस निर्णय का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को चिकित्साकर्मियों की पहचान करने में आसानी होगी और संस्थान में प्रोफेशनल माहौल बनाए रखना है। हाल ही में उप जिला अस्पताल की जिम्मेदारी संभालने वाले प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविराज सिंह ने गुरुवार को सभी मेडिकल ऑफिसर्स के साथ एक बैठक भी की।
इस बैठक के दौरान उन्होंने अस्पताल की बुनियादी सुविधाओं में सुधार और चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने डॉक्टरों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही अस्पताल में डे और नाइट ड्यूटी के प्रबंधन को लेकर भी बातचीत की गई, ताकि मरीजों को उचित उपचार मिल सके।



