Deoli News 15 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए पिछले आठ महीनों से फरार चल रहे अंतरराज्यीय गौ तस्करी गिरोह के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक देवली हेमराज मुंड नेतृत्व में थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर की टीम द्वारा अंजाम दी गई।

यह मामला 26 जुलाई 2025 की रात का है, जब देवली पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि रघुनाथपुरा श्मशान घाट के पास एक ट्रक में अवैध रूप से गौवंश भरकर ले जाया जा रहा है। पुलिस के मौके पर पहुँचते ही अंधेरे और बारिश का फायदा उठाकर तस्कर फरार हो गए थे। तलाशी के दौरान ट्रक में 20-25 गौवंश (गाय व बछड़े) क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बंधे हुए पाए गए थे, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से मुक्त कराया गया। इस संबंध में थाना देवली में राजस्थान गौवंशीय पशु प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना के आधार पर लगातार निगरानी रखी। पूर्व में इस मामले में वाहन स्वामी साकिर हुसैन और उसके सहयोगी कमरुद्दीन उर्फ पीके को गिरफ्तार किया जा चुका था। उन्हीं से मिली जानकारी और गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के इस सक्रिय सदस्य को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी की पहचान शौकीन पुत्र लहरु खां के रूप में हुई है। वह 32 वर्ष का है और जाति मेव मुसलमान है।
वह शाहपुर नगली, पुलिस थाना शहर नूह (हरियाणा) का निवासी है। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें हरियाणा के नूह जिले में उसके विरुद्ध आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी दौलतराम, एएसआई गोपाल, सुरेश कुमार, अब्दुल वहाब और मोहम्मद इस्माइल की अहम भूमिका रही है।



