Deoli News 17 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में आगामी 19 अप्रैल को भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा, विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती समेत कई धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जन्मोत्सव को लेकर समाज के लोगों में उत्साह है। परशुराम जन्मोत्सव समिति के सदस्य अमित गौतम ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा का आयोजन भी खास होगा। शोभायात्रा की शुरुआत भरतपुर हाउस के समीप स्थित परशुराम सर्कल से की जाएगी। इसके बाद यह यात्रा शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरेगी।

समापन में एजेंसी एरिया स्थित निर्माणाधीन परशुराम मंदिर पर पहुंचकर विसर्जित होगी। शोभायात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह विभिन्न संगठनों और संस्थाओं की ओर से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर जलपान व अल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है।



