Deoli News 17 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा, पुलिस उप अधीक्षक हेमराज मुण्ड के निर्देशन में थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने उक्त स्मेक को मिड रेंज की मानते हुए इसकी बाजार अनुमानित कीमत एक करोड़ 20 लाख रुपए होने का अनुमान व्यक्त किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार के अनुसार शुक्रवार को गश्त के दौरान संदिग्ध पाए जाने पर राजराणी देवी पत्नी सत सिंह सांसी और उनकी पुत्री शिवानी मालावत को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान राजराणी देवी के कब्जे से 304.4 ग्राम शुद्ध स्मैक व 2 लाख 67 हजार 300 रुपए नकद तथा शिवानी मालावत के कब्जे से 300.4 ग्राम शुद्ध स्मैक व 77 हजार 187 रुपए नकद बरामद किए गए।
यह हुई बरामदगी
पुलिस टीम ने मौके से कुल 600 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक, कुल 3 लाख 44 हजार 487 रुपए की नकद राशि, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, जिपर पैक प्लास्टिक थैलियों का पैकेट, कागज के टुकड़े, चार चिमटी और एक छोटी चम्मचनुमा वस्तु जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी राजराणी देवी और शिवानी मालावत मूलतः पोल्याड़ा थाना दूनी की निवासी हैं और वर्तमान में वार्ड नंबर 10, वीर तेजाजी कॉलोनी कीर मोहल्ला, देवली में रह रही थीं। मुख्य आरोपी राजराणी देवी के विरुद्ध पूर्व में भी अवैध शराब बेचने और चोरी की वस्तुएं खरीदने के कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

कार्रवाई दल में स्वयं थानाधिकारी दौलतराम, उपनिरीक्षक शिवजी लाल, सहायक उप निरीक्षक हनुमान सिंह, हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब, कांस्टेबल हुकमनाथ, कांस्टेबल जीतराम, महिला कांस्टेबल मीरा और महिला कांस्टेबल नीलम शामिल रहे। पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान आसपास कॉलोनी के लोगों की भी भीड़ जमा हो गई।




