Deoli News 25 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका क्षेत्र में चोरों ने अब सरकारी संपत्ति को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। चोरी की ताजा वारदात शुक्रवार रात महावीर ऑटो पार्ट्स के समीप पीर बाबा के पीछे वाली गली में सामने आई।
जहां अज्ञात चोर ने नगर पालिका के सरकारी बोरिंग का करीब 10 मीटर तार काट लिया और फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर गली में घुसा और बड़ी चालाकी से बोरिंग की केबल काटने लगा। इसी दौरान गली में कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर चोर घबरा गया और पकड़े जाने के डर से पास ही खड़ी एक फोर व्हीलर के पीछे छिप गया। जैसे ही हलचल कम हुई, आरोपी मौका पाकर तार समेटकर रफूचक्कर हो गया।
इस पूरी वारदात का घटनाक्रम पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में चोर बैग के साथ नजर आ रहा है, हालांकि अंधेरा होने के कारण उसका चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहा है। गौरतलब है कि शहर में सरकारी बोरिंग से तार चोरी होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ दिनों से इस तरह की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पूर्व विवेकानंद कॉलोनी स्थित सिटी डिस्पेंसरी में लगे सरकारी बोरिंग की केबल भी चोरी हो चुकी है।



