Deoli News 29 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के रोड़वेज बस स्टैंड पर इन दिनों जेबकतरे सक्रिय हैं और लगातार यात्रियों की जेब साफ कर रहे हैं। ताजा मामला बुधवार को डीडवाना डिपो की बस में सामने आया है।
जहां बूंदी से देवली आए एक सेल्समैन की जेब से नकदी पार कर ली गई। जानकारी के अनुसार हिना कंपनी का सेल्समैन भारत जांगिड़ व्यावसायिक कार्य से बूंदी से देवली आया था। जब वह डीडवाना डिपो की बस से देवली बस स्टैंड पर उतर रहा था, उसी दौरान अज्ञात जेबतराशों ने उसकी पीछे की जेब में रखे एक हजार रुपए निकाल लिए। उतरने के बाद जब भारत ने अपनी जेब संभाली तो उसे चोरी का पता चला। गौरतलब है कि देवली बस स्टैंड पर चोरी और जेबतराश की यह कोई पहली वारदात नहीं है।
इससे पहले भी विवेकानंद कॉलोनी से तीन व्यक्ति, जो अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे थे, बस स्टैंड पर भीड़ का शिकार बने थे। बस में चढ़ते समय शातिर चोरों ने बड़ी सफाई से उनकी जेब से करीब 10 हजार रुपए पार कर दिए थे। बस स्टैंड पर लगातार हो रही इन वारदातों से आम यात्रियों में असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पुलिस से बस स्टैंड केंपस में गश्त बढ़ाने और इन वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
फिलहाल यात्रियों को खुद भी सफर के दौरान और बस स्टैंड पर चढ़ते-उतरते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी।


