टेंट उखड़ने से समारोहों में मची अफरा-तफरी
Deoli News 30 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में बुधवार रात अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत पहुंचाई। लेकिन इससे कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और अन्य दिनों के मुकाबले मौसम ठंडा महसूस हुआ। हालांकि यह आंधी और बारिश अपने साथ कई परेशानियां भी लेकर आई। बुधवार रात आई तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में काफी समय तक बिजली गुल रही। आंधी का सबसे ज्यादा असर समारोहों और सार्वजनिक कार्यक्रमों पर देखने को मिला। देवली के विभिन्न मैरिज गार्डनों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान अचानक आए बवंडर से आयोजक और मेहमान संकट में पड़ गए। तेज हवाओं के चलते टेंट के कनात, शामियाने और सजावटी सामान ताश के पत्तों की तरह धराशाई हो गए। कार्यक्रम स्थलों पर संभालने का वक्त तक नहीं मिला।
जिसके कारण कुछ खाने-पीने की स्टॉल्स पर रखा सामान बिखर गया और काफी नुकसान हुआ। अचानक मची इस अफरा-तफरी के बीच मेहमानों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। देर रात हुई इस बारिश के चलते गुरुवार सुबह शहर की सड़कें भीगी नजर आईं। लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से कुछ समय के लिए निजात मिली।
हालांकि मौसम का यह सुहावना मिजाज ज्यादा देर तक नहीं टिका और गुरुवार दोपहर होते-होते एक बार फिर कड़ाके की धूप ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए, जिससे गर्मी का दौर दोबारा लौट आया।


