Tuesday, June 2, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsलाईनमैन के बुलावे पर पोल पर चढ़ा युवक 11 हजार केवी के...

लाईनमैन के बुलावे पर पोल पर चढ़ा युवक 11 हजार केवी के करंट से झुलसा

जयपुर में जारी है उपचार


Deoli News 2 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गांवड़ी जीएसएस क्षेत्र के रघुनाथपुरा में मंगलवार सुबह विद्युत पोल पर कार्य करते समय एक युवक हाई-वोल्टेज करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे तत्काल जयपुर रैफर किया गया है।

पीड़ित के पिता ने इस हादसे के लिए कथित तौर पर लाईनमैन और जीएसएस कर्मचारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए देवली थाने में रिपोर्ट दी है। शिकायतकर्ता दुर्गालाल पुत्र रामा बैरवा निवासी दुर्गापुरा ढाणी ने रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र धनराज बैरवा को लाईनमैन जयशेखर ने जीएसएस गांवड़ी में बुलाया था। वहां से उसे रघुनाथपुरा में विद्युत पोल पर काम करने के लिए ले जाया गया। रिपोर्ट के अनुसार लाईनमैन ने धनराज को यह भरोसा दिया कि उसने जीएसएस से बिजली की सप्लाई बंद करवा दी है। इस पर धनराज ने दो पोल पर काम किया और जब वह तीसरे पोल पर चढ़ा, तो जीएसएस से विद्युत कर्मचारियों ने कथित रूप से 11 हजार किलो वाट की विद्युत सप्लाई चालू कर दी।

अचानक चालू हुई विद्युत सप्लाई के कारण धनराज को जोरदार करंट लगा और वह पोल से नीचे गिर गया। करंट लगने से युवक के दोनों हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए हैं। उसे तुरंत कार से राजकीय अस्पताल देवली ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में वह जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती है। पिता ने लाईनमैन और विद्युत कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही से यह हादसा होना बताते हुए पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर उचित कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

घायल धनराज के पिता ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार उसके दोनों हाथ और एक पैर विच्छेदन किया जाएगा। देवली थाना प्रभारी का कहना है कि रिपोर्ट आज आई है, मामले की जांच कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d