Deoli News 3 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमाननगर थाना क्षेत्र में सरकारी सब्सिडी लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अमजद खान अब्बासी निवासी एजेंसी एरिया कोटा रोड हनुमाननगर ने कोर्ट इस्तगासे के जरिए रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी कमल पुत्र सत्यनारायण टेलर निवासी टोडारायसिंह ने खुद को राजस्थान सरकार की सब्सिडी लोन और प्राइवेट बैंक से लोन दिलवाने का एजेंट बताया था। आरोपी ने लोन दिलाने के लिए फाइल चार्ज और बैंक खाता खुलवाने के नाम पर अमजद खान सहित मोहल्ले के करीब 10 लोगों से अलग-अलग राशि वसूल की।
किसी से 28 हजार, किसी से 17 हजार तो किसी से 2 हजार रुपए एडवांस के तौर पर लिए गए। सभी को भरोसा दिया गया कि उनका बैंक खाता खोलकर सरकारी सब्सिडी का पैसा दिलवाया जाएगा। करीब 7 महीने बीत जाने के बाद भी न तो लोन मिला और न ही आरोपी ने रुपए वापस किए। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने डराया-धमकाया और पुलिस में रिपोर्ट देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। पीड़ित ने इससे पहले पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा को भी शिकायत दी थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अब न्यायालय के आदेश पर हनुमाननगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप-निरीक्षक हरिसिंह को सौंपी है।


