Deoli News 6 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने गौ-तस्करी के एक पुराने मामले में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस उप अधीक्षक देवली हेमराज मुण्ड के मार्गदर्शन में थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि गत वर्ष 10 नवंबर की रात गश्त के दौरान पनवाड़ मोड़ स्थित महावीर ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में गौवंश भरे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कंटेनर से 15 गौवंश को बरामद किया, जिन्हें क्रूरतापूर्वक परिवहन किया जा रहा था। उस समय चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था, जिसके खिलाफ राजस्थान गौवंशीय पशु अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
आरोपी की तलाश के लिए गठित पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक गोपालसिंह, कांस्टेबल मीठालाल और कांस्टेबल दीपक शामिल थे। लंबी मशक्कत के बाद टीम ने घटना के आरोपी सहबास अहमद पुत्र कुर्शीद अहमद निवासी घासीली, थाना किशनगढ़बास जिला अलवर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घटना के बाद से ही लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पुलिस से बचने के लिए अपने संपर्क साधनों का उपयोग नहीं कर रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसे धर दबोच लिया गया।



