Deoli News 8 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में नगर पालिका देवली के नवपदस्थापित अधिशाषी अधिकारी अमरचन्द गुर्जर ने सोमवार सुबह शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। वही कमी पाए जाने पर सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने पालिका के सफाई निरीक्षक के साथ मुख्य बाजार और बंगाली कॉलोनी क्षेत्र का दौरा किया और व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण में अधिशाषी अधिकारी ने वेस्ट वाटर ट्रीटमेन्ट प्लांट के पास स्थित मुख्य नालों की स्थिति देखी और सफाई निरीक्षक तथा जमादार को निर्देश दिए। वहीं मानसून को देखते हुए शहर में चल रही नाला सफाई के कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
अधिशाषी अधिकारी ने संबंधित संवेदक को स्पष्ट निर्देश दिए कि नालों से निकलने वाले कचरे और मलबे को समय पर उठाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को परेशानी न हो। इस निरीक्षण के दौरान नगरपालिका देवली के अधिशाषी अधिकारी अमरचन्द गुर्जर के साथ कार्यवाहक सफाई निरीक्षक और कार्यवाहक जमादार भी मौजूद थे।



