वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाई
Deoli News 17 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में बुधवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जन्म जयंती सर्व हिंदू समाज द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इसे लेकर महाराणा प्रताप सर्कल पर उनकी सुसज्जित झांकी पर माल्यार्पण के साथ वाहन व शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ।

आयोजन से जुड़े रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि यह शोभायात्रा एजेंसी एरिया, मुख्य बाजार, ममता सर्कल, अंबेडकर सर्कल और सीआईएसएफ रोड होते हुए आदर्श विद्या मंदिर कुचवाड़ा रोड पर संपन्न हुई। शोभायात्रा के मार्ग में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, अंबेडकर विचार मंच, कोचिंग क्लासेस, सांवरिया सेवा समिति, भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल, अभिभाषक संघ सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर एवं जलपान की व्यवस्था कर स्वागत किया। मुख्य मार्ग पर गौरव मेडिकल के समीप भाजपा नेता महेश मंगल, नवल किशोर चतुर्वेदी, कुणाल साहू समेत ने पुष्प वर्षा की। इसी तरह बस स्टैंड के पास पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष नेमीचंद जैन के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
बजरंग दल के अखाड़े ने इस दौरान तलवारबाजी, दंड प्रहार एवं जूडो-कराटे समेत साहसिक प्रदर्शन किए। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रबुद्धजनों ने महाराणा प्रताप के त्याग, बलिदान, अदम्य साहस और पराक्रम पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर महेंद्र सिंह भंवरथला, राजेंद्र सिंह सांडला, महावीर सिंह, जितेंद्र सिंह चौधरी, सीताराम पंचोली, जसवंत सिंह चौहान, पंकज शर्मा, राजेंद्र सिंह शक्तावत, भारत सिंह सोलंकी, अजय सिंह, राजू सरकार, अशोक मंडल, निखिल विश्वाल, पूरणमल वर्मा, हेमराज मीणा, सुरेंद्र, घीसालाल टेलर, अशोक दुबे, लोकेश सेन, गोविंद, विक्रम सिंह, भंवर सिंह, विजेंद्र सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और लोग उपस्थित रहे।



