Deoli News 18 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा के बाहर गुरुवार को गुरु नाम लेवा साध-संगत द्वारा छबील लगाकर ठंडे शरबत का वितरण किया गया।
गुरु संगत के अनुसार सिखों के पांचवें गुरु, अर्जन देवजी का शहीदी दिवस हर वर्ष ‘नानकशाही कैलेंडर’ के अनुसार ज्येष्ठ माह के 24वें दिन मनाया जाता है, जो इस वर्ष 18 जून को है। मुगल बादशाह जहांगीर के आदेश पर वर्ष 1606 में उन्हें लाहौर में यातनाएं देकर शहीद किया गया था। गुरु साहिब ने ही सिखों के पवित्र ग्रंथ ‘आदि ग्रंथ’ का संकलन किया था, जो बाद में ‘गुरु ग्रंथ साहिब’ के रूप में प्रतिष्ठित हुआ। इस दिन परंपरा अनुसार छबील लगाकर लोगों को मीठा व ठंडा जल पिलाया जाता है तथा उनकी स्मृति में लंगर व कीर्तन का आयोजन किया जाता है। यहां गुरु संगत ने लोगों की सेवा की।



