“मामला दर्ज”
Deoli News 19 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के मुख्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर घटित हुआ एक सड़क हादसा शुक्रवार को सामने आया है। इसे लेकर घायल के पुत्र चेतन कीर ने देवली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसमें बताया कि बैंक ऑफ बड़ौदा की देवली शाखा के सामने एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने मिनी बैंक से पैसे जमा कर निकले एक जने को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक गाड़ी सहित मौके से चला गया। दर्ज प्रकरण के अनुसार देवली निवासी सोहनलाल कीर पुत्र जीवन कीर निवासी कीर मोहल्ला देवली दोपहर करीब एक बजे बैंक ऑफ़ बड़ौदा शाखा देवली के सामने स्थित मिनी बैंक में पैसे जमा करवाकर बाहर निकले ही थे कि तभी पेट्रोल पंप की ओर से आई एक महिंद्रा थार के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोहनलाल वहीं गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना उनके परिजनों को दी।
जिसके बाद परिजन मौके पर पहुँचे और अन्य लोगों की मदद से घायल मोहनलाल को राजकीय चिकित्सालय देवली ले जाकर भर्ती करवाया। अस्पताल में हुई जाँच में पता चला कि टक्कर के कारण उनके बांये पैर में घुटने के नीचे की हड्डी टूट गई है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही परिजनों ने घायल का मेडिकल करवाकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने अंदेशा व्यक्त किया है कि यह थार एक पुलिस कर्मचारी की है।



