सुरक्षा के निर्देश दिए
Deoli News 3 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मानसून सत्र से पहले परिवहन विभाग की ओर से कार्यालय देवली के निरीक्षक गंगाराम रेगर ने शुक्रवार को बीसलपुर स्थित बनास नदी में संचालित हो रही नावों की जांच की।
परिवहन निरीक्षक गंगाराम ने यहां करीब 25 नावों का निरीक्षण किया, जिनमें से 10 नावों के पास फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं पाए गए। उन्होंने इन नावों का चालान किया और निर्देश दिए कि समय पर फिटनेस प्रमाण पत्र बनवाएं। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर नाविक स्वयं जिम्मेदार होंगे। निरीक्षक ने नाविकों को निर्देश दिए कि मानसून सत्र के दौरान पर्यटक घूमने के लिए आएंगे, लिहाजा यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाकर ही नाव में बैठाएं और नाव को नियंत्रित गति से चलाएं। किसी भी तरह का स्टंट नहीं किया जाना चाहिए, ऐसा किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी और नाव जब्त होगी।
इसी तरह क्षेत्र के बोयड़ा गांव में भी करीब आधा दर्जन नावों की जांच की गई, जिसमें से दो नावों के चालान किए गए। इस दौरान परिवहन विभाग के गार्ड सरदार सिंह और यातायात सलाहकार योगेश श्रीमाल उपस्थित थे। निरीक्षक ने बताया कि जिला परिवहन अधिकारी के निर्देशानुसार सुरक्षा के मद्देनजर यह जांच की गई है।
बिना हेलमेट पर लगेगा चालान, देवली में जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान


