Deoli News 12 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली के पुराने अजमेर मार्ग स्थित नेगड़िया पुलिया के समीप शनिवार रात हुए सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद रविवार सुबह परिजनों और अंबेडकर विचार मंच के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
आक्रोशित लोगों ने राजकीय अस्पताल परिसर में मोर्चरी के बाहर धरना देते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने, हादसे के जिम्मेदार वाहन के विरुद्ध कार्रवाई तथा मार्ग पर खड़े रहने वाले बजरी वाहनों की समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग उठाई। जानकारी के अनुसार देवली गांव निवासी योगेश पुत्र शंकरलाल मेघवंशी तथा रामसिंह पुत्र कल्याण मीणा शनिवार रात बाइक से देवली की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पुराने अजमेर मार्ग पर नेगड़िया पुलिया के पास किसी वाहन की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में योगेश के सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामसिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायल को देवली अस्पताल पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम से पहले परिजन और अंबेडकर विचार मंच के पदाधिकारी व ग्रामीण धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों का आरोप था कि उक्त मार्ग पर बजरी खनन से जुड़े ट्रेलर, ट्रक और डंपर बड़ी संख्या में सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है और लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
स्कूली बच्चों के जीवन को भी है खतरा
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इसी मार्ग पर केंद्रीय विद्यालय भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े विद्यार्थी आवागमन करते हैं। उनका कहना था कि बीसलपुर कॉलोनी से बजरी कांटे तक सड़क किनारे भारी वाहनों की लंबी कतार रहने से आमजन और विद्यार्थियों की सुरक्षा खतरे में रहती है। यह स्थिति काफी समय से बनी है। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने, जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाकर स्थिति का अवलोकन कराने तथा बजरी कांटे के प्रभारी को बुलाने की मांग की।
समाचार लिखे जाने तक धरना जारी था। इधर, सूचना मिलने पर देवली पुलिस उपाधीक्षक हेमराज मुंड मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें समझाने का प्रयास शुरू किया।


