लाखों की लागत से बना भवन खाली, पंचायत भवन में ठुंसे तीन डिपार्टमेंट
@ मोहम्मद आजाद नेब
Jahazpur News 12 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टीठोड़ी ग्राम पंचायत में ग्रामीण विकास और सरकारी व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर सामने आई है। यहां पंचायत भवन के एक ही परिसर में बने तीन कमरों से तीन अलग-अलग विभाग संचालित हो रहे हैं। एक कमरे में उपस्वास्थ्य केंद्र, दूसरे में पशु चिकित्सा उपकेंद्र और तीसरे में आंगनबाड़ी केंद्र टीठोड़ी-2 चल रहा है।
तीनों केंद्रों का प्रवेश द्वार भी एक ही होने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। यहां बड़ा सवाल यह है कि करीब 24.88 लाख रुपए की लागत से निर्मित उपस्वास्थ्य केंद्र का नया भवन सितंबर 2023 तक तैयार हो जाना था, लेकिन तीन वर्ष बीतने के बाद भी भवन उपयोग में नहीं आ सका। अधिकांश निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद विभागीय उदासीनता और जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण उपस्वास्थ्य केंद्र आज भी पुराने पंचायत भवन में संचालित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही परिसर में स्वास्थ्य केंद्र, पशु चिकित्सा केंद्र और आंगनबाड़ी संचालित होने से मरीजों, पशुपालकों, महिलाओं और बच्चों की आवाजाही एक साथ रहती है, जिससे अव्यवस्था बनी रहती है। अलग-अलग विभागों के समय और आवश्यकताएं अलग होने के बावजूद सभी को एक ही प्रवेश द्वार का उपयोग करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस ओर न तो जनप्रतिनिधियों ने गंभीरता दिखाई और न ही संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कोई प्रभावी कदम उठाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि उपस्वास्थ्य केंद्र को तत्काल नई भवन में स्थानांतरित किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें और पंचायत भवन में तीन विभागों के एक साथ संचालन से उत्पन्न अव्यवस्था समाप्त हो।
यह बोले जिम्मेदार
बीसीएमओ डॉ. भागीरथ मीणा ने बताया कि “सीएमएचओ कार्यालय द्वारा उपस्वास्थ्य केंद्र भवन की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई थी, जिसे भेज दिया गया है।” टीठोड़ी उपस्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नीरज जैन ने कहा, “भवन को चालू कराने के लिए हमने तथा ग्रामीणों ने विधायक, सरपंच और चिकित्सा अधिकारियों को कई बार लिखित में अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”



