रिटायरमेंट कार्यक्रम से लौट रहे थे बाइक सवार
Deoli News 13 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र स्थित अजमेर-कोटा बाईपास पर रविवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
हनुमान नगर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश ने बताया कि हादसा बाईपास पर स्थित खेमा का झोपड़ा के पास विद्युत ग्रिड के सामने हुआ। मृतक की पहचान जहाजपुर थाना क्षेत्र के श्रृंगार चवरी निवासी घीसूलाल मीणा (58) पुत्र हजारीलाल मीणा के रूप में हुई है। वहीं, बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति भवानीपुरा निवासी देवराज पुत्र देवीलाल मीणा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार दोनों व्यक्ति बाइक पर सवार थे, तभी किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर गई। लोगों की जानकारी के अनुसार यह दोनों जने टीकड़ गांव में हुए एक रिटायरमेंट के कार्यक्रम से खाना खाकर लौट रहे थे।
इस हादसे में घीसालाल मीणा की मौके पर ही मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल देवराज के पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं, जिसे देवली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर कर दिया गया है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में रिपोर्ट नहीं आई और फुटेज भी देखे जा रहे हैं, ताकि घटना का पता लगे।



