पीपलून्द में शिक्षा मंत्री ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा-भाजपा सरकार विकास को दे रही नई गति
Jahazpur News 8 अगस्त (मोहम्मद आज़ाद नेब) पीपलून्द में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए उसे ‘विलायती बबूल’ करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में जगह-जगह दुश्मन खड़े करने का काम किया है।
इससे जनता को केवल नुकसान ही नुकसान हुआ है। उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है तथा जहाजपुर क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है। मंत्री दिलावर शनिवार को पीपलून्द में आयोजित विभिन्न विकास एवं सामाजिक कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ सांसद दामोदर अग्रवाल एवं विधायक गोपीचंद मीणा भी मौजूद रहे। दिलावर ने कहा कि भाजपा सरकार विकास को नई गति देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दे रही है। उन्होंने लोगों से शुद्ध वातावरण और शुद्ध ऑक्सीजन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
चारागाह से लेकर पशु आश्रय स्थल तक लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत पीपलून्द द्वारा निर्मित सार्वजनिक पशु आश्रय स्थल का लोकार्पण किया गया। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-2.0 के तहत विकसित वनदेव चारागाह का भी लोकार्पण हुआ, जबकि संत रविदास चारागाह विकास कार्य का शुभारंभ किया गया। वहीं ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत ग्राम पंचायत एवं जलग्रहण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मियावाकी पद्धति से सघन पौधारोपण अभियान की शुरुआत की गई। मंत्री सहित अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पीपलून्द की प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली पीपलून्द ग्राम की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत पीपलून्द के प्रशासक वेदप्रकाश खटीक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, गौसंरक्षण, ग्रामीण विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना है। कार्यक्रम में आचार्य महामंडलेश्वर जगदीश पुरी, निवर्तमान प्रधान कौशल किशोर शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, संत मौजूद थे।



