सखी सहेली की बैडमिंटन प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
Deoli News 16 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की सखी सहेली देवली शाखा की ओर से रविवार को बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ निवर्तमान पार्षद भीमराज जैन एवं भामाशाह नवल किशोर मंगल ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नीलम गुप्ता के तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में महिलाओं के साथ-साथ बालक एवं बालिकाओं ने भी भाग लिया और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मोनिका सुराना, निधि गर्ग, नीतू मंगल एवं उषा जिंदल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा आपसी सौहार्द को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया गया। इस दौरान 8 से 15 वर्ष बालिका वर्ग में प्रथम पहल जैन, द्वितीय मनस्वी पारीक एवं तृतीय नित्या मेडतवाल रहीं।
वहीं बालक वर्ग में प्रथम हिमांश मनचंदा तथा द्वितीय स्थान पर अजितेश एवं रेयांश रहे। इसी तरह 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम समीक्षा शर्मा, द्वितीय आध्या जैन एवं तृतीय श्रृति अग्रवाल रहीं। जबकि 30 से 45 वर्ष आयु वर्ग में प्रथम सुमन माहेश्वरी, द्वितीय दीपशिखा एवं तृतीय स्वाति जिंदल रहीं। वहीं 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सरोज सिंहल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर ग्रुप की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को शिल्ड देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान ग्रुप सदस्य नीलम मनचंदा, इंदु मंगल, रेखा जिंदल, रिंकू मंगल, अनामिका, सरोज सिंहल एवं सुमन माहेश्वरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थी।


