Deoli News 22 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका देवली के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी तय कर लिया है। कांग्रेस पार्षदों की जयपुर में हुई बैठक में उपाध्यक्ष पद के लिए वरिष्ठ पार्षद भीमराज जैन ने सौरभ जिंदल के नाम का प्रस्ताव रखा।
जिसका पार्षद रामनिवास मीणा ने समर्थन किया। इसके बाद सौरभ जिंदल के नाम पर सर्वसम्मति बनी और उन्हें कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी घोषित किया गया। ऐसे में कांग्रेस के तय प्रत्याशी सौरभ जिंदल मंगलवार सुबह नगर पालिका पहुंचकर उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले गत बोर्ड में भी जिंदल पालिका उपाध्यक्ष थे। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी तय होने के बाद अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर एक तस्वीर तो स्पष्ट हो गई है। वहीं भाजपा की ओर से पूर्व पालिका अध्यक्ष के नाम की चर्चा है और उनके भी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने की संभावना जताई गई नहै। हालांकि भाजपा की ओर से इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। राजनीतिक पार्टियों की जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए किसी भी पार्टी द्वारा सिंबल आवंटित नहीं किया जाता है।



