Deoli News 21 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) तेजादशमी के अवसर पर सोमवार को सिरोही स्थित प्रसिद्ध देहलवाल जी महाराज मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में आयोजित विशाल मेले में देवली क्षेत्र सहित आसपास के गांवों और कई जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज के दर्शन कर मत्था टेका और धूप, नारियल, प्रसाद चढ़ाकर तांती बांधी तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पुलिस को व्यवस्था बनाए रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर तक पहुंचने वाले मार्गों पर भीड़ को नियंत्रित किया गया तथा कई श्रद्धालुओं को कई किलोमीटर तक पैदल चलकर मंदिर पहुंचना पड़ा। मंदिर परिसर दिनभर श्रद्धालुओं से भरा रहा और भक्ति का माहौल बना रहा। इससे पहले रविवार रात देहलवाल जी महाराज मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे। तेजा दशमी के मेले में विभिन्न दुकानों के साथ चाट, पकौड़ी, दही बड़े सहित व्यंजनों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही।
देहलवाल जी महाराज मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां तेजा दशमी पर आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसी प्रकार ऊंचा स्थित तेजाजी महाराज मंदिर में भी रविवार रात रात्रि जागरण एवं भजन संध्या हुई तथा सोमवार को मेले में देवली शहर और आसपास के लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज के चबूतरे पर मत्था टेककर ज्योत में नारियल व धूप लगाकर पूजा-अर्चना की। यहां भी मेले का आयोजन हुआ।



