Deoli News 23 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में देवली क्षेत्र के होनहार खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरोनी में आयोजित इस जिला स्तरीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता (सत्र 2026-2027) के दौरान आयोजित एयर पिस्टल और राइफल शूटिंग में देवली के प्रतिभावान निशानेबाजों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है।
शिव कॉलोनी जयपुर रोड (देवली) निवासी रामपाल मीणा की पुत्री एवं कक्षा 8 की छात्रा वंशिका मीणा ने 17 वर्ष आयु वर्ग की राइफल शूटिंग (एयर पिस्टल) स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी प्रतियोगिता में देवली के छात्र शिव प्रताप सिंह पुत्र अजित सिंह दुरसावत ने 17 वर्ष आयु वर्ग की एयर पिस्टल शूटिंग में अच्छा प्रदर्शन किया। वहीं छात्र रुद्राक्ष शर्मा पुत्र संतोष कुमार शर्मा ने भी 17 वर्ष आयु वर्ग की राइफल शूटिंग (एयर पिस्टल) में सटीक निशाना साधते हुए स्थान कमाया है। प्रतियोगिता के 14 वर्ष आयु वर्ग में इंद्रपुरा कॉलोनी निवासी धनपाल मीणा की पुत्री जीविका मीणा ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर अव्वल स्थान प्राप्त किया है। साथ ही देवली के समीप हनुमान नगर क्षेत्र के कुंचलवाड़ा रोड निवासी डॉ. मनोज शर्मा के पुत्र वंश शर्मा ने 14 वर्षीय शूटिंग स्पर्धा में प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है।



