अपराध नियंत्रण पर दिया जोर
Deoli News 29 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन्स एवं एसडीआरएफ जयपुर रूपिंदर सिंह सोमवार को देवली पहुंचे। यहां भरतपुर हाउस में पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इसके बाद नगर पालिका सभागार में पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने लंबित मुकदमों का समयबद्ध निस्तारण करने, नए आपराधिक कानूनों की पालना सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराध और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। एडीजी ने जनसुनवाई को प्रभावी बनाने, आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, टोंक पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, देवली वृत्ताधिकारी मदन ढाका सहित सभी सर्कल के पुलिस उपाधीक्षक मौजूद थे।


