Deoli News 30 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमाननगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले दिनों अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
इस संबंध में परिवादी शिवेन्द्र सिंह मीणा पुत्र जीवनराम मीणा निवासी टीकड़ ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार गत 19 सितम्बर को प्रार्थी का भाई मुकेश कुमार मीणा अपने खेत से घर की ओर आ रहे थे, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद घायल को नजदीकी देवली सरकारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां से घर ले जाने पर निरंतर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।



