Deoli News 2 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पटेल नगर में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। यहां सेवानिवृत्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के घर में उनकी मौजूदगी के बावजूद चोर ने नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
परिवादी सेवानिवृत्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मोतीलाल ठागरिया ने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोपहर में मकान के बाहरी हिस्से में बने रेस्ट रूम में आराम कर रहे थे। इसी दौरान एक संदिग्ध चोर साइड की गैलरी से घर में घुसा और कमरे में रखे 10 हजार रुपए नकद, चांदी की एक जोड़ी पायजेब, सोने की कान की बालियों का एक सेट तथा चांदी की परत चढ़े चार गिलास चुरा लिए। अपरान्ह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच फोन आने पर उनकी पत्नी मकान के अंदर गईं तो चोर घबराकर गैलरी के रास्ते भाग निकला। इस दौरान गैलरी में दो गिलास गिर गए।
ठागरिया ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। चोर महिला था या पुरुष, इसका भी पता नहीं चल सका। मामले में देवली पुलिस थाने में शिकायत दी गई है।


