Friday, October 2, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsफॉलोअप : अलमारियों पर ताले नहीं होने का उठाया फायदा, चंद मिनटों...

फॉलोअप : अलमारियों पर ताले नहीं होने का उठाया फायदा, चंद मिनटों में लाखों के गहने पार

“कॉलोनी में मचा हड़कंप”


Deoli News 2 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पटेल नगर स्थित आवासीय कॉलोनी में गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे के आसपास हुई लाखों रुपए के सोने के आभूषणों की चोरी के मामले में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवती वारदात के बाद हाथ में पोटलीनुमा सामान लेकर तेजी से गली से निकलती दिखाई दे रही है। इसके बाद वह पंचायत समिति की ओर जाती नजर आई, जहां से उसका कोई सुराग नहीं मिला।

“दैनिक ब्यूरो” से बातचीत में परिवादी महेश लाठी की पत्नी निर्मला लाठी ने बताया कि वह गुरुवार दोपहर करीब 3:20 से 3:25 बजे अपने घर लौट आई थीं। इससे पहले वह पास की गली में रहने वाले अपने बुजुर्ग पिता बालमुकुंद सोमानी के लिए चाय बनाने गई थीं। घर लौटने पर मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ व गेट बंद था। इसके बाद वह पड़ोस में रहने वाली एक महिला के पास बातचीत करने चली गईं। इसी दौरान संदिग्ध युवती ग्राउंड फ्लोर का गेट खोलकर अंदर घुसी। उसे बाय चांस बैठक के पास मुख्य गेट की सीढ़ियों पर चाबी भी मिल गई, जिससे उसने ताला खोलकर घर में प्रवेश किया। घर में तीनों अलमारियों पर ताले नहीं लगे थे। दंपती अकेले रहते हैं और सामान्यतः अलमारियों को बंद नहीं करते थे। इसी का फायदा उठाकर युवती ने चौक में रखी अलमारी से चूड़ियों के सेट, चूड़ी-पाटले, शीशफूल, रखड़ी, डोरा, अंगूठी और चांदी का सिक्का सहित करीब 24 तोला सोने के आभूषण चुरा लिए। जबकि गुरुवार को पीड़ित परिवार का आकलन केवल 20 तोला सोना ही था।

इसके अलावा आर्टिफिशियल चूड़ियां और मंगलसूत्र भी ले गई। वर्तमान बाजार भाव के अनुसार चोरी हुए सोने की कीमत करीब 36 लाख रुपए के आसपास आंकी गई है। निर्मला लाठी ने बताया कि अलमारी में ऊनी कपड़ों के बीच रखे 50 हजार रुपए सुरक्षित मिले। आरोपी युवती ने एक अन्य अलमारी भी खोली और कुछ सामान बिखेरकर देखा, लेकिन वहां से कुछ नहीं ले गई। अनुमान है कि पूरी वारदात महज पांच से छह मिनट में अंजाम दी गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वारदात के बाद युवती गली से निकलकर मनीष वैष्णव के मकान के पास खाली भूखंड की ओर गई। वहां उसने बैग (पर्श)को कपड़ों में छिपाया और फिर तेज गति से पंचायत समिति की ओर चली गई। उसकी चाल इतनी तेज थी कि वह कुछ ही सेकंड में कैमरे की नजर से ओझल हो गई।

पंचायत समिति की पिछली दीवार के आगे उसका कोई सुराग नहीं मिला। गौरतलब है कि बीसलपुर परियोजना से सेवानिवृत्त कर्मचारी महेश लाठी के घर से लाखों रुपए के आभूषण चोरी हुए हैं। वहीं उनके सामने रहने वाले विकास शर्मा के मकान में भी इसी युवती ने घुसकर चोरी का प्रयास किया था। इसकी पुष्टि विकास की मां ने की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस कोटा, जयपुर और सवाईमाधोपुर सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर खानाबदोश परिवारों की तलाश कर रही है। इसके अलावा देवली के समीप कच्ची बस्ती के डेरों में भी युवती की तलाश की गई।

लेकिन फिलहाल सफलता नहीं मिली है। पुलिस को आशंका है कि युवती घूम-घूमकर सामान बेचने वाले किसी परिवार से जुड़ी हो सकती है। वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और परिवादी की रिपोर्ट पर जांच शुरू कर दी है।

प्रीवियस न्यूज़:-

देवली में दिनदहाड़े 30 लाख के सोने के आभूषण चोरी, कुछ मिनटों में हुई वारदात

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here