Deoli News 2 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को क्षेत्र में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। शहर के कांग्रेस कार्यालय तथा देवकन्या ग्रुप ऑफ कॉलेज में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर दोनों महापुरुषों को नमन किया गया।
शहर के कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए सत्य, अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर पूर्व नगर अध्यक्ष मुकेश गर्ग, शमी रंगरेज़, सत्यनारायण बूलिया, पार्षद रामनिवास मीणा, विनोद धर्मानी, आकाश कंछल, राकेश ओसवाल, रेखा मीणा, रामसिंह मीणा, राहुल, राजीव जैन और बेनी प्रसाद टाक सहित कई उपस्थित रहे। दूसरी ओर देवकन्या ग्रुप ऑफ कॉलेज, देवली में भी दोनों विभूतियों की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत में महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसके बाद छात्राध्यापिकाओं ने उनके जीवन व आदर्शों पर प्रकाश डाला। इस दौरान बीएड प्राचार्य अनिता पारीक व मनोज प्रजापत ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इन महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम आजाद भारत में सांस ले पा रहे हैं। कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता दीप्ति चौधरी, वीणा शर्मा, अर्चना गौतम, सोनिया शर्मा, प्रीति जैन, पूजा राव, गजेन्द्र द्विवेदी और शुभम गवारिया सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
आदर्शों पर चलने का आह्वान
दूनी। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चांदसिंहपुरा में शुक्रवार को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। पीईईओ रामसागर मीणा, प्रधानाचार्य सीताराम मीणा सहित स्टाफ ने दोनों महापुरुषों को माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने सत्य, अहिंसा, शांति, सादगी, मेहनत और ईमानदारी के उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। यहां भाषण, निबंध, पोस्टर व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं हुईं तथा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार सौपकर सम्मानित किया गया।



