Deoli News 2 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पुलिस की नाक के नीचे से चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने पुलिस द्वारा जब्त किए गए बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को ही गायब कर दिया।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार देवली थाना पुलिस ने गत 27 सितंबर को कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी परिवहन के मामले में बिना नंबरी स्वराज 735 ट्रैक्टर मय ट्रॉली को जब्त किया था। थाने में वाहनों को खड़ा करने की पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण जब्तशुदा इस ट्रैक्टर-ट्रॉली को सुरक्षा की दृष्टि से वृत्त कार्यालय देवली के परिसर में खड़ा करवाया गया था। जब अनुसंधान अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक बजरंग लाल गत 29 सितंबर को जांच के सिलसिले में वृत्त कार्यालय पहुंचे, तो वहां से वाहन गायब मिला और जमीन पर केवल टायरों के निशान दिखाई दिए। काफी तलाश और पूछताछ के बाद भी जब कोई सुराग नहीं लगा। वहीं सामने आया कि अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में वृत्त कार्यालय का गेट खोलकर परिसर से ही बजरी भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली चुरा ले गए।
वारदात के बाद एएसआई बजरंग लाल की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच सहायक उप-निरीक्षक गोपाल सिंह को सौंपी गई है।


