Deoli News 4 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली क्षेत्र में बोयड़ा गणेश रोड पर स्थित एक कृषि फार्म हाउस से अज्ञात चोर रात्रि के समय लोहे के गेट की कुंडी तोड़कर कुएं के पास खड़ा ट्रैक्टर मय नया हल चुराकर ले गए।

इस संबंध में सिंधी मोहल्ला देवली निवासी दामोदर प्रसाद शर्मा ने देवली थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार परिवादी का बोयड़ा गणेश रोड देवली गांव पटवार हल्का में 0.62 हेक्टेयर खातेदारी भूमि पर कृषि फार्म हाउस बना हुआ है, जिसकी दो तरफ पक्की बाउंड्री और दो तरफ तारबंदी के साथ लोहे का बड़ा गेट लगा है। गत 30 सितंबर को चालक लेखराज बैरवा खेत की जुताई पूरी करने के बाद रात करीब 10 बजे नीले रंग का ट्रैक्टर मय हल फार्म के भीतर कुएं के पास खड़ा कर गेट पर ताला लगाकर चाबी परिवादी को सौंपकर गया था। अगली सुबह एक अक्टूबर को जब परिवादी सरसों की बुवाई के लिए बीज लेकर फार्म हाउस पहुंचा, तो मुख्य लोहे के गेट की कुंडी टूटी (बेंड) मिली और गेट खुला था। अंदर जाकर देखा तो करीब 5 लाख रुपए की कीमत का ट्रैक्टर और 28 सितंबर को ही 25 हजार रुपए में खरीदा गया नया हल गायब मिला।
आसपास तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं लगा, तो थाने में रिपोर्ट दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले की अग्रिम जांच सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार बैरवा को सौंपी गई है।


