पुलिस ने बाहर निकाल किया जब्त
Deoli News 15 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना पुलिस ने पिछले दिनों अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बीसलपुर बांध के पानी में डूबी एक अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर मामला दर्ज किया है।
पुलिस गश्त के दौरान उच्चाधिकारियों की गाड़ी को देखकर बजरी से भरी एक बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से बीसलपुर गांव की ओर भगा ले गया। पुलिस द्वारा पीछा करने पर चालक आबादी के पास ढलान वाले रास्ते से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधे बांध के पानी में घुसाकर वाहन को चालू हालत में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिससे बजरी से लदी ट्रॉली पानी में डूब गई। रात के समय पानी अधिक होने के कारण वाहन को नहीं निकाला जा सका, जिसके बाद मौके पर जाप्ता तैनात कर निगरानी रखी गई। अगले दिन पुलिस टीम ने एलएनटी मशीन की मदद से पानी में डूबे ट्रैक्टर-ट्रॉली को बाहर निकलवाया।
वाहन की जांच करने पर आगे-पीछे कोई भी रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज नहीं पाया गया। ट्रॉली में करीब 8 से 9 टन अवैध बजरी भरी हुई थी, जिसमें से पानी से निकालते समय काफी बजरी बिखरने के बाद करीब 2 टन बजरी शेष बची। पुलिस ने अवैध बजरी और बिना नंबरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने पहुंचाया और फरार चालक के खिलाफ बीएनएस तथा एमएमडीआर एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



