Deoli News 28 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में कई जगह कचरा जलाने से उठने वाला धुआं क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। कचरे के उठाव के अभाव में उसे जलाए जाने से घंटों तक धुआं फैलता रहता है, जो गलत है।
इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत और प्रदूषण की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। शहर के पटेल नगर में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के पीछे कच्ची बस्ती के समीप कचरा जलाने की शिकायत सामने आई है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यहां आसपास का कचरा दीवार के सहारे एकत्र किया जाता है और समय पर उठाव नहीं होने पर उसे जला दिया जाता है। इसी प्रकार न्यायालय परिसर और कल्पना कॉलेज के पास कटले क्षेत्र में भी कचरा जलाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सर्दियों के मौसम में धुएं की यह समस्या लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष दिक्कत हो सकती है।
हालांकि यह समस्या हर वर्ष होती है। वही यह गलती कई बार आमजन भी करता है। क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर में कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित किया जाए और उसे जलाने पर रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि कचरा उठाने में कुछ देरी हो सकती है, लेकिन उसे जलाकर प्रदूषण फैलाना उचित नहीं है। नगर पालिका को सफाई व्यवस्था में सुधार करते हुए कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि शहरवासियों को धुएं से राहत मिल सके। यह व्यवस्था व नियम पूरे नगर पालिका मंडल क्षेत्र के लिए होनी चाहिए।



