Deoli News 9 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण महोत्सव देवली शहर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर जैन समाज के लोगों ने सुबह विभिन्न जिनालयों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

भगवान महावीर स्वामी के चरणों में निर्वाण लड्डू अर्पित किया। मुख्य कार्यक्रम मुनि वैराग्य सागर एवं मुनि सुप्रभ सागर महाराज के सानिध्य में श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर एवं धर्मशाला ट्रस्ट में आयोजित हुआ। इस दौरान मुनियों ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद श्रद्धालुओं ने निर्वाण लड्डू अर्पित कर धर्मलाभ लिया। जैन धर्म की मान्यता के अनुसार दीपावली का पर्व भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इस दौरान अध्यक्ष संजय काला के घर से चातुर्मास का कलश भी विधिपूर्वक ले जाया गया। आयोजन में जैन समाज के महिला-पुरुषों सहित बच्चे भी उपस्थित रहे। यह जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी राजीव जैन ने दी।


