आधा दर्जन से अधिक के खिलाफ मामला दर्ज
Deoli News 4 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुरा गांव में खेत पर काम कर रहे एक युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने और बाद में रास्ते में दोबारा घेरकर मारपीट करने का गंभीर मामला बुधवार को सामने आया है।
पीड़ित जयसिंह पुत्र खेमराज मीणा निवासी रतनपुरा (पंचायत चांदली) की रिपोर्ट पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित जयसिंह सुबह अपने कुएं पर इंजन चलाकर खेत की सिंचाई कर रहा था। सुबह करीब 10 बजे जब वह पाइप हटा रहा था, तभी गांव के ही जमना लाल, रणजीत, संतोष, ताराचन्द और सन्दीप एक राय होकर लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान जमना लाल ने लकड़ी से जानलेवा वार किया, जिससे पीड़ित की दाहिनी आंख के पास, छाती, पीठ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। घटना के बाद जब पीड़ित अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में इसी पक्ष के देवकरण, फोजीराम, रामसिंह और उनके परिवार की संजना व चन्द्रकला ने उसका रास्ता रोक लिया और दोबारा उसके साथ जमकर मारपीट की। ग्रामीणों के मौके पर जुटने के बाद मामला शांत हुआ। दूनी थाना पुलिस ने पीड़ित जयसिंह की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ़ प्रकरण दर्ज किया है।
मामले की जांच एएसआई लक्ष्मीनारायण को सौंपी गई है, वहीं घायल का मेडिकल मुआयना करवाकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


