Deoli News 3 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में दीपावली के त्योहार को लेकर नगर पालिका मंडल की ओर से मुख्य बाजारों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बाजारों में लाइटिंग व्यवस्था के साथ डिवाइडरों की सफाई और रंग-रोगन का काम जारी है।
इससे त्योहार से पहले शहर के बाजारों की रौनक बढ़ने लगी है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ के नेतृत्व में व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दीपावली से पहले शहर के मुख्य बाजारों में लाइटिंग व्यवस्था सुधारने, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था शुरू करवाने, डिवाइडरों की सफाई और रंग-रोगन कराने सहित विभिन्न मांगें उठाई थीं। व्यापार महासंघ अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि व्यापारियों की मांग पर नगर पालिका ने बाजारों में लाइटिंग व्यवस्था शुरू करवा दी है। वहीं डिवाइडरों की सफाई और रंग-रोगन का कार्य भी जारी है। इससे त्योहार के दौरान बाजारों में रोशनी के साथ स्वच्छता और सुंदरता भी नजर आएगी।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने व्यापारियों की मांगों पर त्वरित संज्ञान लेकर व्यवस्थाओं में सुधार करवाने के लिए नगर पालिका मंडल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। वही जल्द ही मार्केट में यातायात व्यवस्था के लिए बैरिकेट्स भी लगाए जाएंगे।


