Deoli News 3 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जहाजपुर चुंगी नाका स्थित विजन इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में दीपोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरों पर त्योहार की खुशियां साफ झलक रही थीं। बच्चों ने अपने शिक्षकों के साथ फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल नजर आया। शिक्षकों ने यहां बच्चों को दीपावली पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीपावली रोशनी, खुशियों और आपसी प्रेम का त्योहार है। साथ ही बच्चों को सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने और पर्यावरण का ध्यान रखने की सीख भी दी गई। बच्चों ने उत्साह के साथ दीपोत्सव में भाग लिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि 4 नवंबर से विद्यालयों में दीपावली पर्व का अवकाश शुरू हो रहा है।

इससे पहले मंगलवार को देवली शहर के कई निजी विद्यालयों में दीपोत्सव के कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में बच्चों को दीपावली की छुट्टियों के लिए गृहकार्य भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय संचालक, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे।


