Deoli News 3 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के प्रदीप नगर बोरड़ा रोड क्षेत्र में सोमवार रात 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने देवली थाना पुलिस को रिपोर्ट देकर मौत के कारणों की जांच और खुलासे की मांग की है।

देवली थाना प्रभारी प्रीति रत्नू ने बताया कि मृतक की पहचान टीकम पुत्र चंदराम बैरवा निवासी मेहरू कला, थाना सावर जिला अजमेर के रूप में हुई है। टीकम बोरड़ा क्षेत्र स्थित अपने ससुराल में ससुर कालूराम के साथ खेत पर रहता था। हाल ही में वह अपने गांव गया था और वहां से सामान लेकर वापस आया था। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। पुलिस के अनुसार सोमवार रात युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम को बुलाया गया तथा साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मौके से संबंधित जानकारी भी एकत्रित की।
मृतक के पिता चंदाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा परिवार सहित बोरड़ा गणेशजी रोड पर शोजीराम के खेत में बटाई पर खेती का काम करता था। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता और अन्य परिजनों ने मौत के कारणों को लेकर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। थाना प्रभारी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के जाहिरा चोट के निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत की वजह सामने आएगी।


