Deoli News 3 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही देवली शहर में आतिशबाजी का बाजार सजने लगा है। शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड, पुलिस थाने के पास, छतरी चौराहा, पटवा बाजार और चर्च रोड सहित दर्जनों स्थानों पर आतिशबाजी की दुकानें सज चुकी हैं।
दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर रंग-बिरंगी और आकर्षक आतिशबाजी के उत्पाद सजा रखे हैं। वहीं खरीदारी के लिए ग्राहकों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार इस बार देवली शहर में आतिशबाजी की दुकानों के लिए करीब चार दर्जन लाइसेंस स्वीकृत किए गए हैं, जबकि इसके लिए कुल 55 लोगों ने आवेदन किया था। स्वीकृत लाइसेंसधारी दुकानदारों को आगामी 15 दिनों के लिए अस्थायी आतिशबाजी बिक्री की अनुमति दी गई है। इसके बाद शहर के विभिन्न बाजारों और निर्धारित स्थानों पर आतिशबाजी की दुकानें लग गई हैं। यहां दुकानों पर बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए अलग-अलग तरह की आतिशबाजी उपलब्ध है। छोटे बच्चों के लिए पॉप-पॉप, फुलझड़ी और जमीन चकरी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
वहीं बड़ों के लिए पटाखों की लड़ियां, बम, रॉकेट, अनार, गंगा-जमुना, रोशनी और स्काई शॉट सहित कई तरह के रंगीन पटाखे बिक्री के लिए रखे गए हैं। दुकानदारों को उम्मीद है कि दीपावली नजदीक आने के साथ ही आतिशबाजी की खरीदारी में तेजी आएगी। फिलहाल दुकानों पर सजी रंग-बिरंगी आतिशबाजी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है और शहर में दीपावली का माहौल नजर आने लगा है। वहीं स्कूलों में भी दीपावली के अवकाश हो चुके हैं।



