Deoli News 4 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित आदर्श इंडियन पब्लिक स्कूल में दीपावली सेलिब्रेशन हर्षोल्लास से हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगी सजावट और सुंदर रंगोलियों से सजाया गया। यहां कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था अध्यक्ष सीताराम मंगल ने दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रा चार्वी ने दीपावली के महत्व पर भाषण दिया। कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों ने ‘राम सिया राम’ भजन तथा कक्षा 3 की छात्राओं ने ‘हैप्पी दिवाली’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने रामायण आधारित नाटक के माध्यम से भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन का दृश्य जीवंत किया। इसके बाद रामायण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। विद्यालय में कक्षा एक से 3 तक दीपक निर्माण, कक्षा 4 एवं 5 में शुभ-लाभ निर्माण, कक्षा 6 एवं 7 में पेपर रंगोली तथा कक्षा 8 से 12 तक वंदनवार निर्माण एवं फूलों और रंगों से रंगोली प्रतियोगिताएं हुईं। छोटे बच्चों ने फुलझड़ियां जलाकर दीपावली की खुशियां मनाईं।
संस्था निदेशक मोहित अग्रवाल, सह-निदेशक रेखा मंगल एवं प्रधानाचार्या राजेंद्र कौर ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल एवं प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश दिया। समापन भगवान श्रीराम की सामूहिक आरती से हुआ। मंच संचालन मोनिया जैन ने किया।
नन्हे चेहरों पर मुस्कान, आंगनबाड़ी में खुशियों वाली दिवाली

इनर व्हील क्लब ऑफ देवली की ओर से मंगलवार को दीपावली पर आंगनवाड़ी केंद्र के नन्हे-मुन्ने बच्चों को उपहार वितरित किए गए। यहां बच्चों को पटाखे, मिठाइयां, नए कपड़े, फुटवियर एवं अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई। क्लब सदस्यों ने बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। क्लब की इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों तक त्योहार की खुशियां पहुंचाना था।



