हवा में भी घुल रहा है जहर, नगर पालिका से ग्रामीणों की गुहार
Deoli News (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पनवाड़ स्थित डम्पिंग यार्ड में कचरे के लगातार जलने से आसपास के क्षेत्र में धुएं और प्रदूषण की समस्या सामने आ रही है। ग्रामीणों ने देवली नगर पालिका प्रशासन से कचरे के तकनीकी या अन्य तरीके से निस्तारण की व्यवस्था कराने की मांग की है।

ताकि आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। ग्रामीणों के अनुसार कचरा पात्र में आए दिन कचरा जलाने से उठने वाला धुआं आसपास की आबादी तक पहुंचता है। जबकि इसके नजदीक मॉडल स्कूल, मानव धर्म विद्यालय और रिहायशी क्षेत्र होने से विद्यार्थियों, बच्चों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि अभी स्कूलों में छुट्टियां है, लेकिन उक्त स्कूले खुली रहने पर दिक्कत स्वाभाविक है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। वहीं इससे पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कचरे में मौजूद पॉलीथिन खाने से मवेशियों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बना रहता है। उन्होंने नगर पालिका से कचरा जलाने पर रोक लगाने, नियमित निगरानी करने और कचरे के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की उचित व्यवस्था विकसित करने की मांग की है।

इसे लेकर सोमवार को कुछ ग्रामीण डंपिंग यार्ड में भी पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को इस बारे में कहा। लेकिन कर्मचारियों ने बताया कि आतिशबाजी की वजह से यह कचरा जला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


