Desk News 18 नवम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीसलपुर बांध की नहरों में सिचाई के लिए 25 नवम्बर को पानी छोड़ा जाएगा। जिला कलक्टर टीना डाबी की अध्यक्षता में बुधवार को बीसलपुर जल वितरण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
इस दौरान किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट, किसान महापंचायत के युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर चौधरी समेत बड़ी संख्या में कृषक मौजूद रहे। बैठक में जिला कलक्टर ने किसानों की मांग पर बीसलपुर बांध से 25 नवम्बर को सिंचाई के लिये नहरों में पानी छोड़ने के लिए अधीक्षण अभियंता मनीष बंसल को निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने बांध के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि मुख्य नहरों एवं वितरिका तंत्र के माध्यम से पानी टेल तक नियत समय पर पहुंचने की सुनिश्चितता की जाए। उन्होंने कहा कि नहरी तंत्र की साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य 25 नवम्बर तक पूर्ण कर लिए जाए। बीसलपुर बांध के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इस मानसून वर्ष में बीसलपुर बाँध के जलग्रहण क्षेत्र में कम वर्षा होने के कारण बाँध में जल आवक बहुत कम 9.377 टीएमसी ही रहीं हैं।
पिछले वर्ष के शेष रहें जल एवं इस वर्ष के जल आवक को शामिल करते हुए 18 नवम्बर तक बीसलपुर बांध का सम्भावित गेज 313.38 मीटर एवं भराव 24.245 टीएमसी है। यह पूर्ण भराव क्षमता का लगभग 62.80 प्रतिशत ही है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा पेयजल के लिए आरक्षित जल की आवश्यकता को शामिल करते हुए माह अगस्त, 2027 तक वर्तमान में उपलब्ध जल की बांध से निकासी को दृष्टिगत रखते हुए अधिशेष जल 2.314 टीएमसी रहने की सम्भावना है।

Must Read : 20 नवंबर को खुलेगा पंचायत चुनाव का जनादेश, सुबह 8 बजे से मतगणना होगी शुरू
टोंक जिले की 4 ब्लॉक टोडारायसिंह, देवली, उनियारा व टोंक के 256 ग्रामों की कुल सिंचित क्षेत्र 81800 हैक्टर भूमि में रबी की फसलों में सिंचाई कार्य के लिए सम्भावित उपलब्ध जल 2 टीएमसी दिया जाना प्रस्तावित है।


