26 वोट मिले, प्रतिद्वंद्वी को मिले 5 वोट, गत पंचायत चुनाव में 47 वोटों से हार चुके थे
Deoli News 26 नवम्बर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक जिला परिषद के उप जिला प्रमुख पद पर गुरुवार को देवली, नासिरदा क्षेत्र के भगवानपुरा ढाणी निवासी आशाराम धाकड़ निर्वाचित हुए हैं। गुरुवार को हुए चुनाव में उन्हें 26 वोट मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी गणेश को 5 वोट मिले।
कांग्रेस के प्रति निष्ठा और सांसद हरिश्चंद्र मीणा के करीबी होने को उनकी उपजिला प्रमुख की जीत में अहम माना जा रहा है।
पंचायत समिति चुनाव में मिली थी हार, जिला परिषद में जीते
आशाराम धाकड़ ने गत चुनाव में पंचायत समिति सदस्य देवली का चुनाव लड़ा था, जिसमें वह करीब 47 वोटों से हार गए थे। इसके बाद वर्तमान में वह जिला परिषद वार्ड संख्या 9 से चुनाव मैदान में उतरे और करीब 4800 वोटों से जीत दर्ज कर जिला परिषद सदस्य बने। गुरुवार को उप जिला प्रमुख के चुनाव में 26 मत प्राप्त कर उन्होंने बड़ी जीत हासिल की। जिला निर्वाचन अधिकारी टीना डाबी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सांसद के करीबी, संगठन और चुनावी मैनेजमेंट में सक्रिय
धाकड़ वर्तमान में नासिरदा कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। वह अजमेर में एनएसयूआई जिला महासचिव के पद पर भी काम कर चुके हैं। राजनीतिक तौर पर सांसद हरिश्चंद्र मीणा के करीबी माने जाते हैं तथा उनके कई राजनीतिक कार्यों और मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभालते हैं। गत पंचायत चुनाव के दौरान देवली पंचायत समिति सदस्यों और नगर पालिका के निर्वाचित सदस्यों की बाड़ेबंदी के प्रबंधन में भी उनकी भूमिका रही। कांग्रेस के प्रति उनकी निष्ठा और सांसद के करीबी होने का लाभ उन्हें उप जिला प्रमुख पद तक पहुंचने में मिला। उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह दैनिक ब्यूरो ने उनके उप जिला प्रमुख बनने की संभावना जताई थी, जो परिणाम आने पर सही साबित हुई।
डूब क्षेत्र के गांवों के विकास पर रहेगा फोकस
जिला परिषद वार्ड संख्या 9 में डूब क्षेत्र की पंचायतें शामिल हैं। इन पंचायतों में भाजपा की ओर से बाहरी प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने पर पूर्व में हार का सामना करना पड़ा है। आसाराम धाकड़ ने उप जिला प्रमुख बनने के बाद डूब क्षेत्र के गांवों में खराब सड़कों को ठीक करवाने और चिकित्सा व्यवस्था में सुधार को प्राथमिकता देने की बात कही है। उनके माता-पिता कृषि कार्य करते हैं। शपथ ग्रहण के बाद समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा ढोल-बाजे के साथ जुलूस निकाला। बता दे कि इससे पहले भी गत चुनाव में उप जिला प्रमुख आदेश कवर इसी वार्ड से चुनी गई थी। लगातार दूसरी बार डूब क्षेत्र के लोगों को उप जिला प्रमुख मिला है।



