कांग्रेस प्रत्याशी के पहुंचते ही पंचायत समिति परिसर में गूंजे नारे, कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच संपन्न हुआ मतदान
Deoli News 27 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति देवली के प्रधान पद के लिए शुक्रवार अपराह्न चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। मतदान में कांग्रेस प्रत्याशी महादेव मीणा ने 18 मत प्राप्त कर प्रधान पद पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा प्रत्याशी धर्मराज मीणा को 6 मत मिले। इस तरह कांग्रेस ने पंचायत समिति देवली में प्रधान पद पर अपना कब्जा बरकरार रखा। जबकि एक मत नोटा को मिला।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले निर्दलीय एवं आरएलपी के निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य मतदान के लिए पहुंचे। इसके बाद भाजपा के निर्वाचित सदस्य मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। करीब 3:25 बजे कांग्रेस के निर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की बस परिसर में पहुंची। कांग्रेस नेता राहुल बलसोरा, सांसद के निजी सचिव असलम सभी सदस्यों को साथ लेकर पहुंचे। कांग्रेस प्रत्याशियों के पहुंचते ही परिसर में नारेबाजी शुरू हो गई और चुनाव को लेकर माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। सभी निर्वाचित सदस्यों के मतदान के बाद मतगणना की गई, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी महादेव मीणा को 18 मत मिले, जबकि भाजपा की ओर से प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल करने वाले धर्मराज मीणा को 6 मत प्राप्त हुए।
परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में उत्साह दिखाई दिया। इससे पहले पंचायत समिति के सभी निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र वितरित किए गए। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए पंचायत समिति परिसर के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। थाना प्रभारी प्रीति रत्नू के नेतृत्व में दो स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा घेरे के बीच निर्वाचित सदस्य मतदान के लिए पहुंचे और पूरी निर्वाचन प्रक्रिया प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई। इस दौरान देवली डीएसपी मदनलाल ढाका, दूनी व घाड़ थाना प्रभारी भी मौजूद थे। इस दौरान समर्थकों ने आतिशबाजी पर खुशी का इजहार किया।



