दो अलग-अलग मामले दर्ज हुए
Deoli News 28 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) थाना क्षेत्र के ग्राम सारदड़ा में मवेशियों को पानी पिला रहे एक व्यक्ति पर धारदार हथियार व लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सारदड़ा निवासी 50 वर्षीय फूलचन्द मीणा ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि गत 16 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने घर के बाहर जानवरों के पीने के लिए डोल में पानी भर रहा था। इसी दौरान गांव के ही हरजीलाल मीणा व उसकी पत्नी सुशीला देवी एकराय होकर हाथों में लकड़ियां, सरिये व कुल्हाड़ी लेकर वहां आए और गाली-गलौज करते हुए उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में फूलचन्द के सिर, आंख और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
देवपुरा रोड से युवक का अपहरण कर जानलेवा हमला
देवली।थाना क्षेत्र के देवपुरा रोड पर बाइक सवार एक युवक का अपहरण कर धारदार हथियारों व डंडों से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देवपुरा निवासी लोकेश मीणा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि गर 26 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे वह अपने लखमाराम मीणा के साथ देवली से देवपुरा जा रहा था। रिपोर्ट में आरोप लगाया कि रास्ते में सौ बीघा जमीन के पास तीन बाइकों पर सवार होकर आए देवराज, लक्ष्मण, गोपाल, लोकेश, अनिल, अशोक, फूलसिंह, गंगाराम, हीरालाल, अमरसिंह, प्रकाश और मिश्रीलाल ने उनकी बाइक रुकवा ली। आरोपी लखमाराम को जबरन अपनी बाइक पर बैठाकर देवपुरा ले गए और वहां लात-घूंसों, डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर उसके सिर, चेहरे, आंख व नाक पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।
आरोपी अधमरी हालत में लखमाराम को हीरालाल के मकान के पास स्थित कुएं में फेंकने की फिराक में थे, लेकिन इसी बीच परिवादी व परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे उनके चंगुल से छुड़ाया। लहूलुहान हालत में लखमाराम को देवली राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। देवली थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक शिवराज चौधरी को सौंपी है।



