Deoli News 4 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय महाविद्यालय देवली में मंगलवार को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस मौके पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में सहायक आचार्य सत्यनारायण मीना ने बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्षों और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि बिरसा मुंडा ने न केवल अपने समुदाय के अधिकारों के लिए संघर्ष किया, बल्कि सामाजिक एकता और आत्मसम्मान का संदेश भी दिया। इसके अलावा, महाविद्यालय में एनडीआरएफ बडोदरा की 6वीं बटालियन द्वारा आपदा प्रबंधन पर एक कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें आपदा के समय कैसे बचाव किया जाए।
इसके बारे में सिखाया गया। प्राचार्य प्रोफेसर पूरणमल वर्मा ने बताया कि एनडीआरएफ टीम ने भूकंप, सुनामी, बाढ़, तूफान, आग आदि आपदाओं के दौरान कैसे बचा और लोगों को बचाया जाए, इसका अपने साथ लाए उपकरणों के माध्यम से सफल प्रदर्शन किया। साथ ही प्राथमिक उपचार, सीपीआर, स्नेक बाइट, पानी में डूबना, आग लगने आदि पर कैसे सहायता दी जाए, इसके बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान संकाय सदस्य सत्यनारायण मीना, डॉ. प्रियंका जैन, सुमन मीना, निशा मीना आदि उपस्थित थे।


